CBSE के पोस्ट रिजल्ट सर्विसेज पोर्टल को लेकर छात्रों और अभिभावकों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने IIT मद्रास के प्रोफेसरों और टेक्निकल एक्सपर्ट्स की एक टीम को CBSE की सहायता के लिए तैनात करने के निर्देश दिए हैं, ताकि Re-evaluation और पोस्ट एग्जाम प्रक्रिया बिना किसी तकनीकी बाधा के पूरी की जा सके।
पोर्टल पर टेक्निकल दिक्कतों को लेकर लिया गया फैसला
पिछले कुछ दिनों से CBSE के पोस्ट एग्जामिनेशन सर्विसेज पोर्टल पर छात्रों को लॉगिन, आवेदन और पेमेंट से जुड़ी कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। बड़ी संख्या में छात्रों और अभिभावकों ने पोर्टल पर टेक्निकल ग्लिच की शिकायत की थी। इसके बाद शिक्षा मंत्रालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करने का निर्णय लिया।
बेहतर होगा यूजर एक्सेस और पेमेंट सिस्टम
जानकारी के अनुसार, IIT मद्रास की विशेषज्ञ टीम अब CBSE पोर्टल के तकनीकी ढांचे और वर्कफ्लो की जांच करेगी। टीम सर्वर परफॉर्मेंस, सिस्टम की स्थिरता और आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर का आकलन करेगी। साथ ही लॉगिन ऑथेंटिकेशन, यूजर एक्सेस सिस्टम और पेमेंट गेटवे जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी काम किया जाएगा, ताकि छात्रों को आवेदन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
स्टूडेंट्स की सुविधा को दी जाएगी प्राथमिकता
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि छात्रों का हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने CBSE को निर्देश दिए हैं कि पारदर्शी, प्रभावी और छात्रहितैषी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी सुधार प्राथमिकता के आधार पर किए जाएं। माना जा रहा है कि इस पहल से CBSE के लाखों छात्रों को राहत मिलेगी और Re-evaluation प्रक्रिया पहले से अधिक आसान और भरोसेमंद बन सकेगी।






