RojgarHelper.Com

शिक्षा मंत्री का NEET-UG पुनर्परीक्षा हेतु निर्देश

भीषण गर्मी के बीच 21 जून को होने वाली NEET-UG पुनर्परीक्षा को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राज्यों से सहयोग मांगा है। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, कूलर, साफ वॉशरूम और अभ्यर्थियों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोमवार को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों, उपराज्यपालों और प्रशासकों को पत्र लिखकर 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली नीट-यूजी पुनर्परीक्षा के निष्पक्ष और सुचारु संचालन में सहयोग की अपील की। शिक्षा मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि भीषण गर्मी और हीट वेव को ध्यान में रखते हुए, परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।

 

 

जरूरी व्यवस्थाएं करने के निर्देश

अपने पत्र में धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि राज्य और केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन संबंधित जिलों के अधिकारियों, स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और अन्य संस्थानों को निर्देश दें कि परीक्षा केंद्रों पर छात्रों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जाएं।

 

 

पेयजल, कूलर और साफ-सफाई पर जोर

उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, सुचारु पंखे और कूलर, साफ वॉशरूम, छायादार प्रतीक्षा स्थल, निर्बाध बिजली आपूर्ति और जरूरत पड़ने पर पोर्टेबल टॉयलेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

 

 

अभ्यर्थियों के लिए परिवहन व्यवस्था भी जरूरी

शिक्षा मंत्री ने छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए राज्य सरकारों से परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों के आने-जाने के लिए पर्याप्त परिवहन सुविधा सुनिश्चित करने को भी कहा। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेश मिलकर परीक्षा को पारदर्शी, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराएंगे।

 

 

21 जून 2026 को होगी दोबारा परीक्षा

गौरतलब है कि मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 3 मई को आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा को प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बाद राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने 12 मई को रद्द कर दिया था। मामले की जांच फिलहाल CBI कर रही है। अब नीट-यूजी की पुनर्परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी।